Weather: दिल्ली-एनसीआर में बीते एक सप्ताह से पड़ रही गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान कर दिया। वहीं दूसरे राज्यों में भारी बारिश से मौसम सुहावना होने के साथ ही जगह-जगह जलभराव की समस्याएं सामने आ रही हैं। अब विदाई से पहले एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। इसके चलते मौसम विभाग ने अगले दो घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर समेत कुछ राज्यों में तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, दिल्ली, एनसीआर, गाजियाबाद, नोएडा, हरियाणा, पश्चिमी उत्तरप्रदेश और आसपास के इलाकों में जल्द ही नया चक्रवाती तूफान आएगा। इसके चलते अगले 2 घंटों में तेज बिजली कड़कने के साथ गरज के साथ छींटे पड़ेंगे। जबकि कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और कहीं पर भारी बारिश होगी।
