रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के राजीव भवन में हुई कांग्रेस की कार्य समिति की बैठक में पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे के खिलाफ अनुशासनहीनता की कार्रवाई करने का प्रस्ताव पारित किया गया है. 31 सदस्यों वाली कार्य समिति में एक पदाधिकारी ने यह मुद्दा उठाया और कहा कि रविंद्र चौबे का भूपेश बघेल के जन्मदिन के दिन दिया गया बयान अनुशासनहीनता में आता है. उन पर कार्रवाई की जानी चाहिए.
पदाधिकारी के इस प्रस्ताव के बाद सभी 31 सदस्यों ने हाथ उठाकर प्रस्ताव का समर्थन किया. बैठक में कहा गया कि ऐसा बयान कोई और न दे, इसलिए रविंद्र चौबे के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए. इसके अलावा कुलदीप जुनेजा पर भी अब तक कार्रवाई नहीं किए जाने का मामला बैठक में उठा. बता दें कि कुलदीप जुनेजा ने अजीत कुकरेजा के कांग्रेस से निष्कासन खत्म करने को लेकर प्रदेश कांग्रेस के जिम्मेदारों के खिलाफ बयानबाजी की थी.
